पिथौरागढ़। नवाचार निधि से पिथौरागढ़ जिले की सात योजनाओं को स्वीकृति मिल गई है। राज्य स्तरीय कमेटी की हरी झंडी के बाद इन योजनाओं के लिए धन का आवंटन भी कर दिया गया है।
तेरहवें वित्त आयोग के अंतर्गत 2011-12 से जिला नवाचार निधि को अनुमोदित किया गया था। सहायक जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी देवनाथ गोस्वामी ने बताया कि नवाचार निधि के तहत प्राप्त प्रस्तावों की स्क्रीनिंग कर 184.71 लाख रुपये के 19 प्रस्ताव राज्य स्तरीय कमेटी को भेजे गए थे। कमेटी ने इन प्रस्तावों का परीक्षण कर 33.02 लाख रुपये के सात प्रस्तावों को मंजूरी दी। स्वीकृत प्रस्तावों में च्यूरा से तेल निकालने, थियेटर प्रशिक्षण, ग्रामोद्योग, गंगोलीहाट में चिकित्सा सेवा को बेहतर करने, सरस्वती देव सिंह इंटर कालेज में कैरियर काउंसलिंग आदि शामिल है। बताया गया कि मौजूदा वित्त वर्ष से नवाचार निधि के तहत जिलों को हर साल एक करोड़ रुपये दिया जाएगा।