क्वारबन गांव में बीमार बुजुर्ग महिला को ग्रामीणों ने डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाया। संवाद न्यू
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। सड़क नहीं होने से नेपाल सीमा से सटे क्वारबन के ग्रामीण पिछले कई सालों से डोली के सहारे बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने को मजबूर हैं। इसके बाद भी शासन-प्रशासन को सीमांत के ग्रामीणों का दर्द नहीं दिख रहा है। ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
क्वारबन की बुजुर्ग 95 वर्षीय मोतिमा देवी को पेट में दर्द होने पर ग्रामीणों ने डोली से चार किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर उन्हें ओखल पहुंचाया। इसके बाद यहां से बीमार आमा को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। बुजुर्ग महिला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
प्रधान योगेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण आए दिन ऐसे ही डोली के सहारे बीमार, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने को मजबूर हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर वे कई बार जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों को पत्र दे चुके हैं। इसके बाद भी सड़क निर्माण को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात के वक्त डोली से बीमार लोगों को सड़क तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें होती हैं। उन्होंने सरकार से शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है।