पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों का इलाज बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में दी जा रही सुविधाओं के बारे में प्रत्येक वार्ड में जाकर भर्ती मरीजों से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों का हालचाल पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रमुख चिकित्साधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल में जो भी मरीज इलाज के लिए आता है उसका बेहतर ढंग से इलाज किया जाए। मरीजों को चिकित्सालय से ही सभी दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं जिससे कि वह स्वस्थ होकर जाए।
उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ चिकित्सकों और स्टॉफ का व्यवहार अच्छा होना चाहिए। मरीज की जो भी जांच की जानी है वह चिकित्सालय में ही कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सक मरीजों के लिए बाहर से दवा न लिखें। उन्होंने पीएमएस को चिकित्सालय में नियमित सफाई व्यवस्था रखने के साथ ही लगातार निरीक्षण करने के भी निर्देश दिया। डीएम ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों द्वारा अनियंत्रित तरीके से खड़े वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऊषा गुंज्याल, पीएमएस डॉ. निर्मला पुनेठा आदि मौजूद रहे।