पिथौरागढ़। बाल श्रम के विरुद्ध पिथौरागढ़ पुलिस की ओर से चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार अभियान जारी है। 15 दिवसीय अभियान के तहत बेड़ीनाग थाना क्षेत्र में बैनर पोस्टर और फ्लैक्सी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु के निर्देशन में बाल श्रम पर रोक लगाने को लेकर चल रहे अभियान के तहत जनपद की एंटी ह्यूमन टीम द्वारा सभी थानों के अंतर्गत आने वाले होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, दुकानों, घरों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में 14 वर्ष की आयु से कम बालक/बालिकाओं से कराए जा रहे बाल श्रम के संबंध में उनको दिए गए अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रतिष्ठान मालिकों को बाल श्रमिकों के प्रति उनके कर्तव्यों और कानून की जानकारी भी दी जा रही है।
गंगोलीहाट और बेड़ीनाग थाना क्षेत्र में चले अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम प्रभारी पूरन चंद्र मेलकानी के नेतृत्व में एलआइयू और बेड़ीनाग थाना पुलिस ने बाल श्रमिकों को टी-शर्ट एवं कैप वितरित किए। सभी स्थानों पर पोस्टर/फ्लैक्सी चस्पा किए गए और लोगों को जागरूक करने के साथ ही बाल श्रम के निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। इस अभियान में उपनिरीक्षक भगवान गिरी गोस्वामी, एलआइयू उपनिरीक्षक नवीन सिंह तोमर, कांस्टेबल हेम फुलारा, सुरेंद्र दानू, प्रदीप सिंह, महिला कांस्टेबल सावित्री अधिकारी, रुक्मणी, चालक हरीश जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन से लक्ष्मण सिंह आदि शामिल रहे।