मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। उच्च हिमालयी चोटियों में लगातार हो रही बर्फबारी से निचले इलाकों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। लोग ठंड से बचाव के लिए आग का सहारा ले रहे हैं।
बीते दिन क्षेत्र में मौसम सुहावना रहा। बृहस्पतिवार को भी दोपहर तक मौसम ठीक था लेकिन बाद में एकाएक बादल छा गए। पंचाचूली, हंसलिंग, छिपलाकेदार, नाग्निधुरा, बलांती, खलिया, बेटुलीधार और कालामुनि की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। इस वर्ष लगातार बर्फबारी होने से ऊंची चोटियां लकदक हो गई हैं। लगातार हो रहे हिमपात से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। सुबह और शाम के वक्त ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं। मौसम के तेवरों को देखते हुए निचले इलाकों में भी बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है।