पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के बृजेश टम्टा 64वीं स्कूली नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। प्रतियोगिता 25 दिसंबर से दमन में खेली जा रही है।
जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार पौरी ने बताया कि मास्टर बृजेश टम्टा ने 28-30 किलो भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंजाब के मुक्केबाज को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर अपना पदक पक्का कर लिया है। बृजेश टम्टा का 29 दिसंबर को महाराष्ट्र के रवि राजेंद्र के साथ सेमीफाइनल होगा। बृजेश जिला खेल कार्यालय के अधीन देवसिंह खेल मैदान में कोच प्रकाश जंग थापा से प्रशिक्षण लेते हैं।
बृजेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर वित्त मंत्री प्रकाश पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, जिलाधिकारी सी रविशंकर, मुख्य विकास अधिकारी वंदना, उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष मुखर्जी निर्वाण, नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, पूर्व विधायक मयूख महर, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र सिंह लुंठी, जिला ओलंपिक संघ के सचिव ललित पंत, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष कैप्टन धरम चंद, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर महर, सचिव अजय राठौर, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह बोहरा, अर्जुन अवार्डी हरि दत्त कापड़ी, उप क्रीड़ाधिकारी श्री कृष्ण सिंह महर ने खुशी जताई है।