झूलाघाट (पिथौरागढ़)। दूरसंचार विभाग के एक्सचेंज का कार्ड फुंकने से सीमांत कस्बे झूलाघाट की इंटरनेट सेवा पिछले चार दिनों से खराब पड़ी है। इससे आम उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
झूलाघाट कस्बे में आए दिन संचार सेवा बाधित रहती है। चार दिन पहले एक्सचेंज में कार्ड फुंक गए। इससे यहां पर 100 से भी अधिक ब्राडबैंड कनेक्शनों ने काम करना बंद कर दिया है। ब्राडबैंड के खराब होने और कई जगहों पर टावर के सिग्नल काम नहीं करने से लोगों की गैस तक बुक नहीं हो पा रही है।
नेट नहीं होने से लोग सोशल मीडिया का उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजेश गड़कोटी ने विभाग के अधिकारियों से सेवा शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है। दूरसंचार विभाग के एसडीओ एचएस मारकाना ने बताया कि उन्होंने एक्सचेंज के खराब कार्ड को निकलवाकर अल्मोड़ा भिजवा दिया है। सोमवार तक कार्ड आने के बाद मंगलवार से सेवा सुचारु हो जाएगी।