पिथौरागढ़। जनपद के विभिन्न न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इनमें विभिन्न प्रकार के 36 मामलों का सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण कर 40 लाख 90 हजार 427 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला मुख्यालय एवं डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट न्यायालय से संबंधित मामलों और प्री लिटिगेशन मामलों के निस्तारण के लिए पांच लोक अदालत पीठों का गठन किया गया था।
जनपद मुख्यालय में गठित बैंच संख्या एक के पीठासीन अधिकारी जिला जज राजेंद्र जोशी एवं सदस्य एडवोकेट दान सिंह बिष्ट ने दो शमनीय वाद, एक एनआई एक्ट एवं छह मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों समेत कुल नौ मामलों का निस्तारण किया। इनमें कुल 20 लाख 16 हजार 130 रुपये का सेटलमेंट हुआ। बैंच संख्या दो के पीठासीन अधिकारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधीर तोमर एवं सदस्या एडवोकेट डिगरी बाफिला ने तीन एनआई एक्ट, चार भरण-पोषण से संबंधित मामलों का निस्तारण किया। इनमें पांच लाख 10 हजार का सेटलमेंट किया गया। बैंच संख्या तीन के पीठासीन अधिकारी सिविल जज सीनियर डिविजन मनोज कुमार द्विवेदी एवं सदस्य एडवोकेट प्रकाश
चंद्र पाटनी ने पांच बैंक ऋण संबंधी मामलों का निस्तारण किया। इसमें एक लाख 53 हजार 299 रुपये का सेटलमेंट हुआ। बैंच संख्या चार के पीठासीन अधिकारी सिविल जज जूनियर डिविजन अकरम अली एवं सदस्य एडवोकेट मोहन सिंह ने पांच एनआई एक्ट और छह भरण पोषण के मामलों का निस्तारण कर 13 लाख 60 हजार 111 रुपये का सेटलमेंट किया।
डीडीहाट न्यायालय में गठित लोक अदालत बैंच के पीठासीन अधिकारी न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन एवं सदस्य एडवोकेट त्रिलोक सिंह जंगपागी ने एक एनआई एक्ट, दो डीवी एक्ट और एक भरण पोषण संबंधी वाद का निस्तारण कर 50 हजार 887 रुपये का सेटलमेंट किया। लोक अदालत के आयोजन में जिला अधिवक्ता संस्था के सचिव एडवोकेट अजय बोहरा सहित अन्य अधिवक्ताओं और बैंक के अधिकारियों ने सहयोग दिया।