बेड़ीनाग/पिथौरागढ़। 10 अस्पताल के बेड वाले बेड़ीनाग अस्पताल में 159 मरीज पहुंच गए। इतनी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। इसके बावजूद चिकित्सकों ने सभी मरीजों का इलाज किया।
शुक्रवार को दिन में शुरू हुआ मरीजों के बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। देर शाम को मरीजों की संख्या देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए। अस्पताल में मौजूद सीमित सुविधाओं के बीच ही मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में तैनात तीन चिकित्सकों ने अन्य स्टाफ की मदद से मरीजों को डिप लगाई।
स्थिति की जानकारी के बाद एसडीएम तुषार सैनी भी मौके पर पहुंचे। शनिवार सुबह फिर से मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन में अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या 159 पहुंच गई। इसके बाद गणाईगंगोली, थल और गंगोलीहाट के अस्पतालों से चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी बेड़ीनाग पहुंच गया।
बेड़ीनाग के लोग अपने घरों से बिस्तर लाए
बेड़ीनाग। सीएचसी में मरीजों की संख्या को देखते हुए बेड़ीनाग के लोग भी मरीजों की मदद को आगे आए और चिकित्सकों के साथ ही तीमारदारों को भी सहयोग दिया। अस्पताल में डेढ़ सौ से अधिक मरीजों के पहुंचने से उनको भर्ती करने के लिए बिस्तर की कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में कई लोग अपने घरों से रजाई-गद्दे लेकर पहुंचे। इसके बाद फूड प्वाइजनिंग से बीमार मरीजों का इलाज शुरू हुआ। लोगों ने मरीजों के साथ आए तीमारदारों के लिए फल और भोजन की व्यवस्था भी की।
पिथौरागढ़ से बेड़ीनाग पहुंची चिकित्सकों की टीम
बेड़ीनाग। बेड़ीनाग में फूड प्वाइजनिंग से बीमार मरीजों के इलाज के लिए पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से भी चिकित्सकों की टीम बेड़ीनाग पहुंच गई है। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.डीएस धर्मशक्तू ने बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचकर मरीजों की जांच की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ऊषा गुंज्याल, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश ढकरियाल भी वाहन में आवश्यक दवाएं लेकर बेड़ीनाग पहुंचे। सीएमओ देर शाम तक बेड़ीनाग अस्पताल में मौजूद रहीं।