पिथौरागढ़। डीडीहाट विकासखंड के कई गांवों में अब भी सड़क की सुविधा नहीं है। ग्रामीणों को खड़ी चट्टानों को पार कर जाना पड़ता है। गांव में कभी किसी के बीमार पड़ने या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता है। इससे गांव में रह रहे लोगों में व्यवस्था के प्रति आक्रोश है।
डीडीहाट क्षेत्र के सौगांव की आबादी 200 के करीब है। वर्षों पहले चमू बैंड-चौबाटी सड़क बनने से ग्रामीणों को लगा अब उनकी समस्याएं दूर होंगी। सेलकुड़ीधार तक तो सड़क पहुंची, लेकिन यहां से भी ग्रामीणों को करीब छह किमी पैदल चलकर तड़केश्वर गाड़ पार कर गांव पहुंचना पड़ता है। दूसरा रास्ता मुवानी से गोबराड़ी होते हुए है। यहां से भी पांच किमी की खड़ी चढ़ाई है। चट्टानों से गिरकर पिछले वर्ष एक व्यक्ति केशर सिंह की मौत हो गई थी।
हालांकि, सौगांव घाटी वाला उपजाऊ क्षेत्र है। यहां खेती, फल, सब्जियां आदि पर्याप्त मात्रा में होती हैं, लेकिन सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को इनका कोई लाभ नहीं मिल पाता है। सौगांव से लगे चिटगाल, गोबराड़ी, मेलकुड़ा, गैराड़ आदि गांवों में भी ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में संचार सेवा भी बदहाल है। सौगांव से जरूरत की खरीदारी करने को भी ग्रामीणों को 10 किमी दूर चौबाटी, मुवानी, जौरासी आदि स्थानों पर आना पड़ता है। क्षेत्र पंचायत के पूर्व सदस्य दान सिंह खोलिया ने बताया कि जनप्रतिनिधि दावे तो बहुत करते हैं, लेकिन बाद में सब भूल जाते हैं।
नहर जगह-जगह क्षतिग्रस्त
पिथौरागढ़। सौगांव की भूमि काफी उपजाऊ है। गांव में सिंचाई के लिए पूर्व में गरपति से तीन किमी लंबी नहर बनाई गई थी, लेकिन यह वर्तमान में जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त है। इसके चलते नहर का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
खुले में बनता है मध्यान्ह भोजन
पिथौरागढ़। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता दान सिंह खोलिया ने बताया कि प्राथमिक स्कूल मेलकुड़ा गांव से डेढ़ किमी दूर है। अधिक संख्या में लोगों के क्षेत्र से अन्यत्र चले जाने से अब स्कूल में बच्चे काफी कम रह गए है। तीन वर्ष पहले जंगल की आग से स्कूल का किचन जल गया था, जो अब तक नहीं बना। कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
गोबराड़ी-चिटगाल सड़क दस वर्ष पहले स्वीकृत हो चुकी है। इस सड़क को बनाने में कुछ ग्रामीणों द्वारा विरोध किया जा रहा है। अगर ग्रामीण विरोध नहीं करते हैं तो सड़क बना दी जाएगी। -विशन सिंह चुफाल, विधायक, डीडीहाट