पिथौरागढ़। एक से सात जुलाई तक चल रहे 130 इंफैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) पर्यावरण के वन महोत्सव के तहत मिलिट्री स्टेशन क्षेत्र में अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के 5160 पौधों का रोपण किया।
स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर रंजन मलिक सेना मेडल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को एमईएस, आईबी अपर क्षेत्र में सैन्य यूनिटों के अधिकारियों, जवानों ने पौधरोपण अभियान चलाया और वनों की रक्षा करने का संकल्प लिया। ब्रिगेडियर रंजन मलिक ने कहा कि धरती को हरा भरा करने से ही पर्यावरण सुरक्षित रह सकता है। ब्रिगेडियर मलिक ने इंफैंट्री बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल के सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बटालियन ने मिलिट्री स्टेशन और कुमाऊं को क्षेत्र को हराभरा करने में अहम योगदान दिया है। इसके लिए कमान अधिकारी के साथ ही पूरी बटालियन बधाई की पात्र है। कमान अधिकारी सरकार ने बताया कि सात जुलाई तक वन महोत्सव के तहत पौधरोपण किया जाएगा। रोपे गए पौधों की सुरक्षा भी बटालियन करेगी।
इंटर कालेज में लगाए फलदार प्रजाति के पौधे
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। आदर्श कन्या इंटर कालेज में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कालेज परिसर में अमरूद, जामुन, आंवला और गुलमोहर प्रजाति के 25 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वन पंचायत भट्टीगांव के सरपंच कैलाश चन्याल ने कहा कि वनों के घटने से पर्यावरण असंतुलित हुआ है। जिसके घातक परिणामों से बचने के लिए प्रकृति को पुन: हरा भरा बनाना होगा। वन क्षेत्राधिकारी जेसी जोशी ने कहा कि पौधों के रोपण के बाद उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अहम है। कार्यक्रम में कालेज की प्रभारी प्रधानाचार्या अनीता आर्या, उप वन क्षेत्राधिकारी आरएस महरा, गंगा सिंह बोरा, शुभम पाठक आदि मौजूद थे।