पिथौरागढ़। टनकपुर-पिथौरागढ़ हाइवे पर ऐंचोली पुल के पास पापुलर का एक पुराना पेड़ टूट गया। इससे मार्ग पर एक घंटा जाम लगा रहा। रोडवेज, केएमओयू बसों के साथ ही कई टैक्सियां भी जाम में फंसी रही। मार्ग से पेड़ हटाने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।
रविवार शाम चार बजे चले अंधड़ के बीच ऐंचोली पुुल से 10 मीटर आगे सड़क किनारे खड़ा पापुलर का एक पुराना पेड़ जड़ समेत उखड़ गया। इससे आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। पुल के पास स्थित जेपी क्लीनिक समेत पांच दुकानें पेड़ की चपेट में आने से बची। उस वक्त सड़क से कई वाहन गुजर रहे थे। ये वाहन भी पेड़ की चपेट में आने से बच गए। पेड़ गिरने के बाद मार्ग पर जाम लग गया।
जाम की सूचना पर कोतवाल ध्यान सिंह दलबल समेत मौके पर पहुंचे। इस बीच स्थानीय निवासियों ने शाखाओं को काटने के बाद पेड़ को किनारे खिसकाया। इसके बाद पुलिस ने मार्ग से आवाजाही सुचारु कराई। इससे पहले शाम चार से पांच बजे तक मार्ग पर जाम लगा रहा। इधर, पेड़ टूटने के सूचना के बाद घंटों बाद भी वन विभाग से कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
गुल हुई आसपास क्षेत्र की बिजली
क्षेत्र से गुजर रही बिजली की लाइनें भी पेड़ की चपेट में आकर टूट गई। इससे आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई। स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग को लाइनें क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी। वितरण खंड के अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया कि कर्मियों को मौके पर मरम्मत के लिए भेजा गया है। मरम्मत के लिए ब्रेक डाउन लेने से आसपास के इलाकों में देर शाम तक आपूर्ति बाधित रही।