पिथौरागढ़। पेट्रोल, डीजल की कीमतों में हो रहे इजाफे की मार लोगों की जेब पर पड़ने लगी है। सामान के भाड़े में 30 रुपये क्विंटल इजाफा हो गया है। अलबत्ता फल और सब्जियों की कीमतों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। बीते एक सप्ताह में इनमें से 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो गई है। वहीं कई आंतरिक मार्गों पर जीप स्वामी तेल के दाम में वृद्धि का हवाला देते हुए किराये में 5 से 10 रुपये तक अधिक वसूल रहे हैं।
ढुलान में तेल की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर हुआ है। इस वक्त टनकपुर से पिथौरागढ़ तक के 150 किमी के ढुलान में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हो गई है। यहां का भाड़ा अब 80 रुपये क्विंटल से बढ़कर 110 रुपये क्विंटल हो गया है। वहीं टनकपुर से चंपावत छोटे ट्रक का भाड़ा 2000 रुपये से बढ़कर 2400 रुपये और बड़े ट्रक का भाड़ा 3500 से बढ़कर 4000 रुपये हो गया है।
पिथौरागढ़ में सब्जी में 15 से 20 प्रतिशत तक उछाल आ गया है, जबकि सेब 180 से बढ़कर 250 रुपये किग्रा और केला 35 से बढ़कर 50 रुपये दर्जन हो गया है। पिथौरागढ़ में सेना को होने वाली सब्जी की सप्लाई पर भी नुकसान हो रहा है, जबकि चंपावत में अभी सब्जी और फलों की कीमत में मामूली इजाफा हुआ है। सब्जी कारोबारी भगवत कलखुड़िया और कैलाश अधिकारी का कहना है कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का अगर यही हाल रहा, तो एक सप्ताह के भीतर दाम बढ़ाना मजबूरी होगा।
उनका कहना है कि फिलहाल उनके लाभांश में कमी आ रही है। पिथौरागढ़ में 15 किमी के भीतर कई आंतरिक संपर्क मार्गों पर जीप स्वामियों ने 5 से 10 रुपये किराये में इजाफा कर दिया है। चंपावत के प्रमुख कारोबारी कमल राय का कहना है कि तेल की बढ़ी कीमतों से फिलहाल खुदरा कीमतों पर असर नहीं पड़ा है, मगर थोक की लागत में मामूली इजाफा हुआ है।
व्यापारियों पर पड़ रही मार
व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर सिंह महर का कहना है कि तेल की कीमतों में उछाल का नुकसान व्यापारियों को हो रहा है। खुदरा से लेकर निर्माण सामग्री तक में इजाफा हुआ है। रूई सहित हल्की सामग्री का भाड़ा दोगुना हो गया है। आटा चक्की वालों ने पिसाई के दाम बढ़ा दिए हैं।
घट गया मुनाफा
पिथौरागढ़ के फल-सब्जी विक्रेता शकील का कहना है कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने नुकसान पहुंचाया है। सामान की कीमतों में बढ़ोतरी से ब्रिकी पर असर पड़ा है।
---------------------
शहर पेट्रोल डीजल (रुपये प्रति लीटर)
पिथौरागढ़ (22 मई) 79.21 69.38
पिथौरागढ़ (1अप्रैल) 77.00 66.31