पिथौरागढ़। रोडवेज स्टेशन पर वाटर एटीएम लग गया है। इस एटीएम से मामूली शुल्क पर पेयजल मिलेगा। शनिवार से वाटर एटीएम की सेवा शुरू होगी। इससे यात्रियों के साथ ही राहगीरों की भी प्यास बुझेगी।
जिला प्रशासन ने रोडवेज में पेयजल किल्लत को देखते हुए यहां वाटर एटीएम लगाने की योजना बनाई थी। डीएम ने अनटाइड फंड से इस योजना के लिए बजट जारी किया था। इसके तहत रोडवेज परिसर में 3.44 लाख की लागत से वाटर एटीएम लगाया गया है। इस एटीएम से 24 घंटे पेयजल मिलेगा।
शनिवार से रोडवेज परिसर में वाटर एटीएम की सेवा शुरू हो जाएगी। जल संस्थान वाटर एटीएम का रखरखाव और मरम्मत करेगा। जल संस्थान के ईई विशाल कुमार ने बताया कि इससे यात्रियों और जरूरतमंदों को सस्ती दरों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। सफर के दौरान पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
एक रुपये में तर होगा हलक
वाटर एटीएम से एक रुपये में एक गिलास पानी मिलेगा। एक गिलास में 300 एमएल पानी मिलेगा, जबकि एक लीटर पानी पांच रुपये में मिलेगा। वहीं, बाजार में एक लीटर पानी की बोतल 20 रुपये में मिलती है, जबकि वाटर एटीएम से एक लीटर में 15 रुपये की बचत होगी।