कनालीछीना (पिथौरागढ़)। वीरांगना ग्राम पंचायत महिला जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण इलाकों में आधार कार्ड नहीं बनने के साथ ही कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कनालीछीना, देवलथल और अस्कोट की 30 महिला जनप्रतिनिधियों (ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य) ने भाग लिया।
शनिवार को कनालीछीना विकास खंड सभागार में हुई वीरांगना ग्राम पंचायत महिला जनप्रतिनिधियों की बैठक में महिला जनप्रतिनिधियों का कहना था कि आधार कार्ड बनाने के लिए ग्रामीण इलाकों में शिविर नहीं लगाने से कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।
आधारकार्ड बनाने के लिए बच्चों को तहसील मुख्यालय या जिला मुख्यालय तक ले जाना पड़ रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि निजी केंद्रों में आधारकार्ड बनाने के लिए 100 रुपये तक लिए जा रहे हैं। उन्होंने आधारकार्ड बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाने की भी मांग की।
महिला जनप्रतिनिधियों ने कहा कि 12वीं पास लड़कियों को कन्याधन और स्कॉलरशिप योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। महिला जनप्रतिनिधियों ने वन पंचायतों में 15, 20 सालों से चुनाव न होने पर चिंता जताते हुए कहा कि वन पंचायतों में शीघ्र चुनाव कराए जाने चाहिए। बैठक में द्रोपदी देवी, शांति देवी, सुंदरी देवी, गीता ओझा, शारदा देवी, हेमा देवी, हरिप्रिया कापड़ी, नीमा देवी आदि मौजूद थीं।