झूलाघाट (पिथौरागढ़)। झूलाघाट में हुए नन्हीं चौपाल कार्यक्रम के दौरान नेपाल के बाल कवियों ने हास्य रस पर आधारित कविताएं सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बाल कवियों ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की रचनाओं में पंचेश्वर बांध से होने वाले विस्थापन का दर्द भी झलका।
झूलाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में एमकेबीएस स्कूल, प्राइमरी स्कूल, जीआईसी झूलाघाट और पड़ोसी देश नेपाल के बैतड़ी जिले के स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने परी लोक, पंचेश्वर बांध, बेटी बचाओ, पर्यावरण, युवा पीढ़ी द्वारा किए जा रहे नशे पर रोक लगाने और भक्ति पर आधारित स्वरचित कविताओं का पाठ किया।
इसके अलावा हास्य रस और वीर रस पर आधारित कविताओं से श्रोता खूब आनंदित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी टीएस राणा थे। कार्यक्रम में बाल कवि रोशनी ओली, यश तिवारी, प्रियांशु चंद, कामाक्षा श्रेष्ठ, शिखा भट्ट, रक्षा पुजारा, निमिष जोशी आदि ने कविताओं का पाठ किया।
इस दौरान कार्यक्रम संयोजक विप्लव भट्ट, जीआईसी के प्रवक्ता जेएम सहदेव, मदन मोहन भट्ट, दीपा भट्ट, वंदना चंद, डॉ. प्रकाश पंगरिया, अंजली कुमारी, हेम पंत, विक्रम धामी आदि थे।