पुनेड़ी जाने वाली सड़क धंसी, बालिका छात्रावास को खतरा
पिथौरागढ़। बुधवार सुबह भारी बारिश के दौरान घंटाकरण से पुनेड़ी गांव को जाने वाली सड़क लुंठ्यूड़ा के पास बालिका छात्रावास के सामने धंस गई। सड़क का 10 मीटर हिस्सा गायब हो गया है। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस छात्रावास में 32 बालिकाएं रहती हैं। इन सभी को खतरे को देखते हुए विकलांग कर्मशाला में शिफ्ट कर दिया गया है।
जिलाधिकारी सी रविशंकर को लोगों ने जानकारी दी कि पुनेड़ी जाने वाली सड़क के धंसने से बालिका छात्रावास के भवन को गंभीर खतरा हो गया है। भवन के आंगन की दीवार में बड़ी दरारें आ गई हैं। पुनेड़ी जाने वाली सड़क बंद होने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
डीएम के आदेश पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा, तहसीलदार राधेश्याम समेत राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क की मरम्मत का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने छात्रावास को खतरे की आशंका को देखते हुए सभी बालिकाओं को वहां से शिफ्ट कर दिया है। भवन की सुरक्षा के उपाय करने के बाद बालिकाओं को फिर से इसी छात्रावास में भेजा जाएगा।