नामिक वालों की आंदोलन की चेतावनी पर प्रशासन सक्रिय
पिथौरागढ़। नामिक के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण न होने के विरोध में नामिक के लोगों के आंदोलन की चेतावनी के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर होकरा पहुंचे एसडीएम ने नामिक, होकरा, गौला के लोगों से वार्ता की। सड़क के निर्माण के संबंध में एसडीएम 12 जून को बेड़ीनाग में लोनिवि, पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। नामिक सड़क का सर्वे बदलने पर चर्चा होगी।
होकरा से नामिक के लिए स्वीकृत 17 किमी लंबी सड़क के टेंडर होने के बाद भी काम शुरू न होने, संचार सुविधा उपलब्ध न होने के विरोध में नामिक की प्रधान तुलसी जैम्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण जैम्याल ने एक जुलाई को अपने पदों से इस्तीफा देने की चेतावनी दी थी। इसी दिन गांव के 106 परिवारों ने जिला मुख्यालय तक 165 किमी की पदयात्रा निकालने का एलान किया था। 3 जून को यह खबर मीडिया में प्रमुखता से आने के बाद जिलाधिकारी सी रविशंकर ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने नामिक सड़क की बाधाओं को दूर करने का आश्वासन अमर उजाला के माध्यम से नामिक के लोगों को दिया था।
6 जून को जिलाधिकारी के निर्देश पर बेड़ीनाग के एसडीएम विवेक प्रकाश ने होकरा पहुंचकर नामिक, होकरा और गौला के लोगों से वार्ता की। नामिक के लिए सड़क ले जाने में होकरा के लोगों को आपत्ति है। वहां के लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का मलबा उनके गांव में गिरेगा। नामिक के क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह जैम्याल ने बताया कि होकरा के लोग सड़क काटने पर सहमत नहीं हुए। नामिक सड़क को गौला सड़क से लिंक करने पर सहमति बनी। एसडीएम ने कहा कि 12 जून को बेड़ीनाग में लोनिवि और पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। सड़क के सर्वे में बदलाव कर शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। दो महीने के भीतर नामिक सड़क का मामला हल कर लिया जाएगा। नामिक की प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कहा कि फिलहाल गांव के लोग एक जुलाई को जिला मुख्यालय कूच के निर्णय पर अडिग हैं।
नामिक की बिजली फिर गुल, डीएम से मिले लोग
पिथौरागढ़। नामिक के क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह जैम्याल के नेतृत्व में बुधवार को जिलाधिकारी सी रविशंकर से मिले लोगों ने नामिक की बिजली व्यवस्था ठप होने, जूनियर हाइस्कूल में शिक्षकों की तैनाती समेत कई मामले उठाए। इन लोगों ने बताया कि उरेडा ने गांव के लिए 50 किलोवाट की बिजली परियोजना बनाई है। परियोजना कभी भी सुचारु रूप से काम नहीं करती। पिछले एक हफ्ते से नामिक की बिजली व्यवस्था फिर ठप है। कई बार मामला उठाने के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इन लोगों ने जूनियर हाइस्कूल में मात्र एक शिक्षक होने का मामला जिलाधिकारी के सामने उठाते हुए शिक्षकों की तैनाती की मांग की। बताया कि नामिक एएनएम सेंटर में एएनएम की तैनाती न होने से टीकाकरण में बाधा आ रही है। जिलाधिकारी ने इन मामलों के साथ ही नामिक सड़क की बाधा दूर करने का आश्वासन दिया।