कैलाश यात्रियों के पहले दल का स्वास्थ्य परीक्षण दस को
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले इस वर्ष के पहले दल का स्वास्थ्य परीक्षण दस जून को दिल्ली में होगा। पहले दल के यात्री आठ जून को दिल्ली पहुंच जाएंगे। यात्रियों का दूसरे और अंतिम चरण का स्वास्थ्य परीक्षण गुंजी में होगा। हर दल के सदस्य को दो-दो बार स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया से गुजरना होगा। गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के चिकित्सक करेंगे।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस 14वीं वाहिनी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि यात्रा की सारी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। यात्रा के पहले दल का स्वास्थ्य परीक्षण दिल्ली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के बेस अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण में मधुमेह, रक्तचाप सहित सारी जांचें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से की जाएगी। हर दल में अधिकतम 60 सदस्यों को शामिल किया जाएगा। दिल्ली में होने वाले चिकित्सा परीक्षण के बाद ही यात्रियों को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। गुंजी में चिकित्सा परीक्षण इसलिए किया जाता है कि ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि पहले दल के सदस्यों का गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण 18 जून को होगा। चिकित्सकों की टीम 10 जून को गुंजी पहुंच जाएगी। यात्रियों को गुंजी में दो दिन रुकना पड़ता है। उधर, चिकित्सा विभाग ने अपने कर्मचारियों को कैलाश यात्रा मार्ग पर तैनात करने के लिए सूची बनाने का काम शुरू कर दिया है। गुंजी से पहले के पड़ावों में चिकित्सा विभाग के कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
खराब मौसम ने बढ़ाई चिंता
डीडीहाट। इस बार समय से पहले बारिश की रफ्तार बढ़ने से सड़कों और पैदल रास्तों के बंद होने का खतरा बढ़ रहा है। यात्रियों को अल्मोड़ा से बेड़ीनाग होते हुए डीडीहाट के रास्ते धारचूला तक जाना पड़ता है। थल और डीडीहाट के बीच तथा डीडीहाट से धारचूला के बीच सड़क की हालत बेहद खराब है। इसी तरह धारचूला से नारायणआश्रम जाने वाली सड़क के भी अक्सर बंद होने का खतरा रहता है। नारायणआश्रम से आगे यात्रियों का पैदल सफर शुरू होता है। इसमें कई बरसाती नाले उफनते हैं।