फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: 27 दिन में अब तक 8500 इनर लाइन पास बने

Wed, 29 May 2024 11:03 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
गौरी कुंड के साथ आदि कैलाश का मनमोहक दृश्य। स्रोत : अमित गिरि  
विज्ञापन
दिनेश अवस्थी/शालू दताल
विज्ञापन

पिथौरागढ़। आदि कैलाश की यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। 27 दिन में अब तक 8500 इनर लाइन पास बन गए हैं। यात्री अब पार्वती सरोवर से दो किमी दूर आदि कैलाश की जड़ में स्थित गौरी कुंड तक पहुंचने लगे हैं। गौरी कुंड के दर्शन कर यात्री काफी गदगद हैं।

गौरीकुंड से आदि कैलाश के दर्शन कर लौटे चंपावत के यात्री रविश भट्ट और अमित गिरि ने बताया कि उन्हें आदि कैलाश, गौरी कुंड, पार्वती कुंड और ओम पर्वत के दर्शन काफी अच्छी तरह हुए। गौरी कुंड में अभी पानी जमा हुआ है। इसका नजारा काफी मनमोहक है। उनका कहना है कि पैदल मार्ग की मरम्मत की जाए तो यात्रियों को यहां पहुंचने में काफी सुविधा होगी।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि गौरी और पार्वती कुंड का सौंदर्यीकरण होने पर इनका नजारा और भी भव्य हो जाएगा। एसडीएम मंजीत सिंह ने शिव भक्तों से व्यास घाटी में अपने रहने, खाने की व्यवस्था करके ही यात्रा करने का अनुरोध किया है। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता का ध्यान रखने और सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है। संवाद
जोखिम भरा है सफर
धारचूला। चंपावत के संजीव कुमार कनोजिया और प्रमोद भट्ट ने बताया कि मलघाट, मालपा और बूंदी में सफर काफी जोखिम भरा है। व्यास घाटी में संचार की भी काफी दिक्कत है। बताया कि गुंजी से नाबी, कुटी और ज्योलिंकांग की सड़क काफी अच्छी बनी हुई है। संवाद

गौरी और पार्वती कुंड की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त

धारचूला। आदि कैलाश विकास समिति अध्यक्ष पुनीत सिंह कुटियाल ने बताया कि गौरी कुंड और पार्वती कुंड के कुछ हिस्से में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे कुंड का पानी बह रहा है। कहा कि दोनों कुंडों की सुरक्षा दीवार और सौंदर्यीकरण के लिए शीघ्र प्रशासन, पर्यटन विभाग और लोनिवि को ज्ञापन दिया जाएगा। संवाद
मधुर स्मृतियां लेकर जाएं यात्री

पिथौरागढ़। आदि कैलाश की यात्रा पर आए दुर्ग छत्तीसगढ़ के यात्री बीएन पांडेय, रमेश चौहान और शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि आदि कैलाश की यात्रा शानदार रही। उनका कहना है कि टैक्सी चालक और घोड़ा-खच्चर वालों को अपने व्यवहार में सुधार लाना चाहिए। उन्होंने बताया कि घोड़े वाले दो किमी का तीन हजार रुपये ले रहे हैं। यात्रा में बुजुर्ग लोग अधिक आ रहे हैं। टैक्सी और घोड़े-खच्चर के रेट उचित होने चाहिए। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में यात्री दर्शन के लिए आ रहे हैं। वह यहां से मधुर स्मृतियां लेकर जाएं ऐसा प्रयास किया जाना चाहिए। संवाद

निजी वाहनों से यात्रा कराने पर रोष
धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रियों को निजी वाहनों से यात्रा कराए जाने पर टैक्सी संचालकों में रोष है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं का रोजगार प्रभावित हो रहा है।
आदि कैलाश टैक्सी आनर्स सोसायटी के संरक्षक वीरेंद्र नबियाल के नेतृत्व में टैक्सी संचालकों की एसडीएम मंजीत सिंह और एआरटीओ केसी पलड़िया के साथ बैठक हुई। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने प्राइवेट वाहनों से यात्रियों को ले जाने पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। अध्यक्ष प्रवेश नबियाल ने बताया कि स्थानीय युवाओं ने बैंक से लोन लेकर वाहन खरीदे हैं। यदि निजी वाहनों से यात्रा होती रही तो उनके रोजगार पर इसका प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उनका कहना है कि बाहरी क्षेत्र के वाहन चालकों को दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर वाहन चलाने का अनुभव नहीं होता है। इसके चलते सड़क पर जगह-जगह वाहन फंस रहे हैं। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों के बड़ी संख्या में पहुंचने से आदि कैलाश और ओम पर्वत में भी जाम की स्थिति बन रही है। यहां केशर सिंह धामी, पुनीत कुटियाल, नरेंद्र नपलच्याल, आशीष गर्ब्याल, हरीश कुटियाल, दीपराज दरियाल मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन

पिथौरागढ़ में होटल संचालक खुश
पिथौरागढ़। आदि कैलाश यात्रा में बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से पिथौरागढ़ के होटल संचालक भी खुश हैं। जिला चिकित्सालय में सिंगल विंडो सिस्टम के तहत इनर लाइन पास बनने भी शुरू हो गए है। काफी संख्या में यात्री पिथौरागढ़ में रात्रि निवास कर रहे हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने बताया कि अधिकांश होटलों में यात्री पहले से बुकिंग करा रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद भी यात्री होटलों में बुकिंग करा रहे हैं। भट्ट ने बताया कि वे लंबे समय से यात्रियों को यहां से पास जारी करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने जिला मुख्यालय से पास बनाए जाने पर प्रशासन का आभार जताया है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें