मदकोट (पिथौरागढ़)। पेयजल समस्या से परेशान युवाओं ने जल संस्थान का पुतला फूूंका। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।
युवाओं का कहना है कि मदकोट कस्बे के लिए तीन योजनाएं बनी हैं। किसी में भी पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं है। साथ ही पेयजल टैंकों में गाद भरी है। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद से ही क्षेत्र के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। पिछले एक हफ्ते से तो क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट चल रहा है।
महिलाएं और बच्चे कड़ाके की ठंड में दूर-दूर से पानी ढो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल समस्या के बारे में बताया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए हैं। पुतला फूंकने वालों में मनोज टाइगर, देवा दोसात, चारू चंद्र, दीपक सिंह, हरीश सिंह आदि थे।