मुनस्यारी/नाचनी (पिथौरागढ़)। सीमांत में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। उच्च हिमालयी चोटियों पर फिर से हिमपात हुआ, जबकि नाचनी क्षेत्र में बारिश हुई। इससे निचली घाटियों में ठंड बढ़ गई है।
क्षेत्र में सुबह के समय मौसम ठीक था। दोपहर बाद आसमान अचानक बादलों से पट गया। इस दौरान हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली की चोटियों पर हिमपात हुआ। निचले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। मुनस्यारी में लोग अलाव तापने लगे हैं। उधर, धारचूला क्षेत्र के माइग्रेशन वाले गांवों में भी बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। व्यास और दारमा घाटी में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, नाचनी में बादल घिरने के बाद अपरान्ह चार बजे से झमाझम बारिश हुई। इससे ठंड बढ़ गई है। हालांकि एक सप्ताह के भीतर लगातार दूसरी बार बारिश होने से किसानों के चेहरे खिले हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार रबी की फसल के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद होगी। वहीं, जिला मुख्यालय में मौसम सामान्य रहा। दिन भर तेज धूप खिली रही। मौसम सामान्य होने से केवल सुबह-शाम ही ठंड पड़ रही है।