झूलाघाट (पिथौरागढ़)। टनकपुर-जौलजीबी सड़क का निर्माण कार्य रुकने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने झूलाघाट से जौलजीबी तक सड़क को लिंक नहीं करने पर 21 अक्तूबर को धरना देने की चेतावनी दी है। कहा कि एक माह के भीतर सड़क का कार्य शुरू नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महाकाली की आवाज संगठन के संयोजक शंकर खड़ायत ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार ने महाकाली नदी के किनारे टनकपुर से जौलजीबी तक सड़क बनाने का निर्णय लिया था। इसके कई हिस्सों में सड़क का कार्य चल रहा है। झूलाघाट से तालेश्वर तक पांच किमी सड़क पर कटिंग होने के बाद डामरीकरण भी हो चुका है।
वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने झूलाघाट दौरे के दौरान सड़क को आगे बढ़ाने के आदेश दिए थे। सड़क के तीन किमी हिस्से पर काम भी शुरू हुआ, लेकिन ठेकेदार की मौत के बाद से कार्य रुका है। कहा कि सड़क बनने से झूलाघाट से जौलजीबी की दूरी काफी कम हो जाएगी।