गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। मणकनाली से पाभें के लिए स्वीकृत 7.2 किमी सड़क के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को 21वें दिन भी क्रमिक अनशन किया। ग्रामीणों को मनाने पहुंची विधायक मीना गंगोला की भी अनशनकारियों ने एक नहीं सुनी। इसके चलते उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे अनशन में शुक्रवार को प्रताप सिंह भंडारी, बहादुर भंडारी, लक्ष्मण सिंह, विक्रम सिंह भंडारी बैठे जबकि नारायण कोहली, कैलाश भंडारी, केशर सिंह, खीम सिंह ने समर्थन में धरना दिया। विधायक मीना अनशनकारियों से वार्ता करने पहुंची। विधायक की ओर से तमाम आश्वासन देने के बाद भी अनशनकारी नहीं माने। विधायक ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से सड़क की स्थिति की जानकारी ली। इस पर अभियंताओं ने सड़क निर्माण को लेकर चल रही कार्रवाई से अवगत कराया। बताया कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस की कार्रवाई चल रही है। अनशनकारियों ने आरोप लगाया कि हर बार उन्हें कोरे आश्वासन दिए गए हैं। अब मांगें पूरी होने तक अनशन किया जाएगा। अनशनकारियों के अड़े रहने के कारण विधायक की वार्ता सफल नहीं हो सकी। इसके बावजूद विधायक ने ग्रामीणों को सप्ताहभर के भीतर सड़क का निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रमुख ललित पाठक, गोकुल गंगोला, नगर अध्यक्ष रमेश बोरा, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम चंद आदि थे।