डीडीहाट (पिथौरागढ़)। भाजपा सरकार के बनने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री के डीडीहाट आगमन से क्षेत्रवासियों में डीडीहाट के विकास को लेकर आस जगी हैं। क्षेत्रवासियों को भरोसा है कि मुख्यमंत्री डीडीहाट के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं।
वर्ष 1998 से डीडीहाट विधानसभा सीट पर भाजपा के बिशन सिंह चुफाल लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। डीडीहाट विधानसभा सीट भाजपा की 20 सालों से अपराजित सीट हैं। इसी को देखते हुए डीडीहाट के लोगों को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से 2011 से रुकी हुई डीडीहाट लिफ्टिंग पेयजल योजना के लिए धन आवंटित करने, एक मात्र ट्रेड के सहारे चल रहे पालीटेक्निक में दो से तीन ट्रेड की स्वीकृति, गर्खा पेयजल योजना को स्वीकृति प्रदान करने, केंद्र की उड़ान प्रोजेक्ट में स्वीकृत डीडीहाट में हेलीपैड का निर्माण की आस जगी है। इसके साथ ही सबसे बड़ी वर्षों पुरानी मांग डीडीहाट जिला के गठन को लेकर भी आस जगी है।
मुख्यमंत्री के साथ उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के आने से महाविद्यालय नारायण नगर में प्रवक्ताओं की नियुक्ति, नारायण नगर डिग्री कॉलेज में एमएससी की कक्षाओं का संचालन की उम्मीद लोग लगाए हैं। मुख्यमंत्री के डीडीहाट आगमन पर पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् डीएस पांगती का कहना है कि डीडीहाट के विकास के लिए जिला बनाया जाना जरूरी हैं। भाजपा के उपाध्यक्ष लोकेश भड़ का कहना है कि मुख्यमंत्री डीडीहाट में विकास के द्वार खोलने के लिए आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री करेंगे इन कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
1- बुड़काफल सोलर पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण
2- पशु चिकित्सालय खेत के भवन का निर्माण कार्य का शिलान्यास
3- संयुक्त चिकित्सालय धारचूला के अधीक्षक आवास नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास
4- संयुक्त चिकित्सालय धारचूला में होम्योपैथिक विभाग के कक्षों का निर्माण का शिलान्यास
5- सीएचसी मुनस्यारी में आशा प्रशिक्षण केंद्र निर्माण शिलान्यास
6- स्वास्थ्य उपकेंद्र डुंगरी का निर्माण शिलान्यास
7-जौलजीबी मेला स्थल के निकट गेस्ट हाउस एंव डोरमैट्री निर्माण शिलान्यास
8-राप्रावि मदकोट में अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण शिलान्यास
9-कृषि निवेश केंद्र मुनस्यारी का निर्माण शिलान्यास
10-डीडीहाट से ओगला हाटमिक्स कार्य का शिलान्यास
11- हाट से लघड़ा तक मोटरमार्ग निर्माण का शिलान्यास
12- मुवानी से मुगरौली तक मोटर मार्ग निर्माण का शिलान्यास