थल (पिथौरागढ़)। मुवानी कस्बे के लोगों ने शनिवार को सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही से सैना गांव में खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस कारण फसलें सूखने लगी हैं। यदि नहर का पानी खेतों तक पहुंचता तो किसानों को राहत मिल जाती। लोगों का कहना है कि नहर कई जगह टूटी है। इस कारण पानी मुख्य सड़क पर आ रहा है। नहर के पानी से कई जगह सड़क भी खराब हो गई है।
मुवानी के युवा सामाजिक कार्यकर्ता कमलदीप बिष्ट के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने बताया कि गोबराड़ी से मुवानी तक बनी इस नहर से नियमित पानी नहीं चलता। विभाग की अव्यवस्थाओं का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। इस बार खेतों तक पानी न पहुंचने से सैना गांव में गेहूं के बीज अंकुरित तक नहीं हो पाए।
लोगों ने सिंचाई विभाग को चेतावनी दी है कि यदि नहर की शीघ्र मरम्मत नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सोबन सिंह कार्की, नवनीत कार्की, संजय भट्ट, सूरज गोर्खा, पंकज मारकुन, कुंदन मेहरा, अब्दुल अंसारी, सुरेंद्र मेहरा, हेमू मारकुन आदि लोग थे।