पिथौरागढ़। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने अब व्यक्तिगत परीक्षाओं का आयोजन नहीं करने का फैसला लिया है। यह जिम्मेदारी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को दे दी है। अब व्यक्तिगत परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को दस जनवरी तक उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। बीए, बीकॉम, एमए में प्रवेश लेने से इच्छुक जो विद्यार्थी प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं, वह इस अवसर का लाभ ले सकते हैं।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र केयर कंप्यूटर में बृहस्पतिवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रबंधक पंकज जोशी ने बताया कि व्यक्तिगत छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा संपन्न होने के बाद भी यदि कोई विद्यार्थी प्रवेश नहीं ले पाया है तो वह संस्थागत या व्यक्तिगत तौर पर प्रवेश ले सकता है।
मुक्त विश्वविद्यालय ने दोनों विकल्प रखे हैं। प्रवेश के दौरान ही छात्रों को अध्ययन सामग्री दी जाएगी। समय-समय पर काउंसलिंग की भी सुविधा मिलेगी। कार्यशाला में नवीन कापड़ी, जतिन भट्ट, विनोद चैंसर, संजय वर्मा, दीपक पांडे, ललित पोखरिया, जगदीश सामंत, कैलाश जोशी ने विचार रखे।