पिथौरागढ़। खराब मौसम के बीच मंगलवार को नगर के लोगों को बिजली और पानी का संकट झेलना पड़ा। जिला मुख्यालय के करीब 40 फीसदी हिस्से में सुबह पांच बजे से पांच घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। घाट पंपिंग योजना से सोमवार की रात पानी लिफ्ट न हो पाने के कारण 60 फीसदी आबादी को पेयजल के लिए तरसना पड़ा।
लंबे समय से नगर में बिजली और पानी का संकट बना है। यह स्थिति तब है, जबकि प्रदेश के पेयजल मंत्री प्रकाश पंत इसी क्षेत्र से विधायक हैं। आम लोगों का कहना है कि पेयजल मंत्री का अपने विभागीय अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है और अधिकारी मनमानी पर उतर आए हैं।
नगर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के दौरान बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बताया गया कि खराब मौसम के दौरान बिजली की लाइन में खराबी आ गई थी। उसे ठीक करने में लंबा समय लग गया। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने बताया कि कुछ स्थानों पर बारिश और अंधड़ के दौरान लाइनों को नुकसान पहुंचा था। उन्होंने बताया कि सुबह दस बजे सभी इलाकों की बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।
पेयजल किल्लत के बारे में बताया गया कि सोमवार रात घाट पंपिंग योजना से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया। घाट योजना का पानी नगर के 60 फीसदी हिस्से में सप्लाई किया जाता है। घंटाकरण, खड़कोट, बैंक रोड, लुंठ्यूड़ा, सेरा, जीआईसी रोड, बजेटी में मंगलवार को पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। कुछ लोगों ने इस अव्यवस्था की जानकारी पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को दी है। पंत ने कहा कि पेयजल सप्लाई ठप होने के मामले में अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत का कहना है कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार में जनता को इसी तरह के कष्ट सहने होंगे। उन्होंने कहा कि जनमुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन करेगी।