पिथौरागढ़। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की टीम ने शुक्रवार को एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण किया। टीम ने महसूस किया कि कॉलेज में छात्रसंख्या को देखते हुए एक नए भवन का और निर्माण किया जाना चाहिए। टीम के सदस्यों ने पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कक्षों का निरीक्षण किया और कॉलेज की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
नैक की टीम राष्ट्रीय स्तर पर राजकीय महाविद्यालयों की गुणवत्ता और जरूरतों की जानकारी के लिए निरीक्षण करती है। तीन सदस्यीय टीम के संयोजक डॉ. पीसी मखलोगी के नेतृत्व में डोईवाला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल और उच्च शिक्षा की संयुक्त निदेशक डॉ. सविता मोहन ने कॉलेज के सभी विभागों का निरीक्षण किया। टीम ने कहा कि कॉलेज में जिस तरह छात्रसंख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए एक नए भवन का निर्माण किया जाना चाहिए।
अपनी रिपोर्ट में टीम के सदस्य इसकी सिफारिश करेंगे। प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती ने नैक की टीम को कॉलेज की व्यवस्था, छात्रसंख्या, प्राध्यापकों की संख्या की विस्तार से जानकारी दी। नैक की टीम अपनी रिपोर्ट उच्च शिक्षा निदेशालय के माध्यम से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग को भेजेगी। वहीं से मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज को श्रेणी मिलेगी। इस दौरान कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. आरए सिंह, डॉ. प्रमोद जोशी, डॉ. अजय शुक्ल, डॉ. वल्लरी कुकरेती, डॉ. हेम चंद्र पांडे, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. आरडी जोशी, डॉ. नरोत्तम जोशी आदि उपस्थित थे।