मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। इटली के रोम निवासी मार्को ने अल्मोड़ा से मुनस्यारी तक की 200 किलोमीटर की दूरी तीन दिन में साइकिल से तय की है। साइकिल से सफर करने के पीछे उनका उद्देश्य यह है कि प्रदूषण को कम करने के साथ ही सुरक्षित सफर किया जाए। वह यही संदेश लोगों को भी दे रहे हैं। यदि लोग वाहनों का कम से कम प्रयोग करें तो पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और प्रकृति को नुकसान नहीं पहुंचेगा।
मार्को ने बताया कि अल्मोड़ा से मुनस्यारी की दूरी तीन दिन में पूरी की। पहले दिन गणाई, दूसरे दिन तेजम में रात्रि विश्राम किया। तेजम से मुनस्यारी आते समय चढ़ाई ज्यादा है, फिर भी साइकिल चलाने में कोई परेशानी नहीं हुई। मार्को ने अब मुनस्यारी से सामा, बागेश्वर, कर्णप्रयाग होते हुए हरिद्वार जाने का फैसला लिया है। यह सफर भी वह साइकिल से ही तय करेंगे। उन्होंने कहा कि कुमाऊं की पहाड़ियां बेहद सुंदर हैं।
इनके संरक्षण के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा सजग होना पड़ेगा। उनकी साइकिल में ब्रेक भी ज्यादा मजबूत नहीं हैं। हल्के ब्रेक वाली साइकिल में खतरा भी कम रहता है। साइकिल से यात्रा के दौरान वह लोगों से बातचीत करते हैं और प्रदूषण को कम करने के लिए अपील करते हैं। 50 वर्षीय मार्को ने मुनस्यारी से हिमालय के दर्शन भी किए।