पिथौरागढ़। खलियाटॉप में इस बार दिवाली के समय भी पर्यटकों की गतिविधियां जारी रही। इस समय भी खलियाटॉप में करीब 50 पर्यटक मौजूद हैं। बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रपुर, पिथौरागढ़ शहर के लोगों को यह जगह बेहद पसंद आ रही है। इन दिनों मौसम साफ होने से खलियाटॉप से पंचाचूली और नंदादेवी पर्वत चोटी के साफ दर्शन हो रहे हैं।
खलियाटॉप पहुंचने के लिए मुनस्यारी से 6 किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ता है। 3500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खलियाटॉप में वैसे तो सालभर पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन शीतकाल में वहां पर पर्यटकों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। कुछ पर्यटक दिसंबर में बर्फबारी देखने के लिए भी खलियाटॉप पहुंचते हैं।
रविवार को बागेश्वर से आए लोगों का एक दल वापस हुआ और बागेश्वर के ही नौ लोगों का नया दल आ गया। जिले से सटे शहरों के करीब 50 पर्यटक इस समय खलियाटॉप में मौजूद हैं। खलियाटॉप में रिजॉर्ट चलाने वाले सुरेंद्र पंवार ने बताया कि इस समय खलियाटॉप में रात का तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जबकि दिन का तापमान 14 से 16 डिग्री से अधिक नहीं जाता।
उन्होंने कहा कि खलियाटॉप में बेहतरीन आवासीय सुविधा उपलब्ध है। प्रकृति का आनंद लेने के इच्छुक पर्यटकों के लिए यह सबसे उत्तम जगह है। पिछले वर्ष तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. रंजीत सिन्हा ने खलियाटॉप का भ्रमण करने के बाद अधिकारियों को आदेश दिए थे कि खलियाटॉप तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त किया जाए और वहां पर आवासीय सुविधा को और बढ़ाया जाए, लेकिन उनके आदेश पर अब तक अमल नहीं हुआ है।