पिथौरागढ़। विकासखंड मूनाकोट के अंतर्गत लछैर के महाकाली मंदिर में मंगलवार को लगे मेले में भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने महाकाली के डोले का आशीर्वाद लिया। महाकाली का डोला जब चिराली गांव से छुरमलधार होते हुए लछैर मंदिर में लाया गया तो पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। लछैर के महाकाली मंदिर में हर साल मेला लगता है।
पूर्व विधायक मयूख महर और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने मेले का उद्घाटन किया। स्थानीय लोगों ने मेले की काफी पहले से तैयारी कर दी थी। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और राजस्व पुलिस तैनात रही। स्थानीय युवाओं ने भी व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। लछैर के महाकाली मंदिर की काफी मान्यता है। मंदिर में समय-समय पर विशेष पूजा होती है और नंदाष्टमी को डोला उठता है।
इस मौके पर मेला कमेटी के ललित मोहन दिगारी, उमेद सिंह, होशियार सिंह, कुंडल महर, कोमल साही, शिवम गुरंग, कुंडल सिंह गुरंग, आशीष दिगारी आदि ने व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। आसपास के गांवों के लोग सुबह से ही मेला स्थल पर पहुंच गए। कई अस्थायी दुकानें सजी थी। सुबह के समय महाकाली मंदिर में विशेष पूजा हुई।