डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रियों के दसवें दल ने कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की परिक्रमा पूरी कर ली है। यह दल भारत वापसी की तैयारी कर रहा है। वहीं 12वें दल के यात्रियों का मंगलवार को गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी स्थित कैलाश यात्रा के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार यात्रियों का 9वां दल वापसी में आधार शिविर धारचूला पहुंच गया है। दसवें दल ने कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की परिक्रमा पूरी कर ली है। यह दल दो दिन के बाद भारत वापस आएगा। यात्रियों का 11वां दल कैलाश की परिक्रमा में दार्चिन नामक स्थान पर है। यात्रियों के 12वें 56 सदस्यीय दल का गुंजी में तीन डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया।
डा. नवीन चंद्र, डा. कपिल कालरा और डा. पवन कुमार की टीम ने यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दल के सभी सदस्य स्वस्थ पाए गए। इससे पहले यात्रियों ने गुंजी स्थित मानसरोवर वन में पौधरोपण किया। यात्रियों का 13वां दल आधार शिविर धारचूला से चलकर सिर्खा पहुंच गया है। आईटीबीपी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम सुहावना बना है।