युवाओं का ट्रैकिंग दल मिलम ग्लेशियर रवाना
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़ जिले के सात युवाओं का दल मिलम ग्लेशियर और नंदादेवी बेस कैंप के लिए रवाना हो गया। कॉसमॉस टूर ट्रैवल्स संस्था के सुरेंद्र पंवार ने युवाओं को रवाना किया और रास्ते की स्थिति की जानकारी दी।
युवाओं का यह दल ज्ञानिमा मंडी जाने वाले उस मार्ग का जायजा लेंगे, जहां से पहले भारत-तिब्बत व्यापार हुआ करता था।
कॉसमॉस संस्था ने यह अभियान आयोजित कराया है। यह युवा इस समय देश के विभिन्न शहरों में अध्ययन करते हैं और अवकाश पर आए हुए हैं। आठ दिन के इस अभियान का नेतृत्व हर्षदीप बगौली कर रहे हैं। युवा मुनस्यारी से लीलम, बोगड्यार, लास्पा, मर्तोली होते हुए नंदादेवी बेस कैंप और मिलम ग्लेशियर तक जाएंगे।
आयोजक सुरेंद्र पंवार ने बताया कि युवा उच्च हिमालयी क्षेत्र में लोगों के रहन-सहन, संस्कृति, पर्यावरण की स्थिति आदि की जानकारी हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि अधिकांश युवा पहली बार ट्रैकिंग पर जा रहे हैं। दल में यशवंत खड़ायत, करनजीत, दिव्यदर्शन, हर्षवर्धन, तुषार, प्रांजल शामिल हैं। गाइड के तौर पर स्थानीय युवा मनोज कुमार साथ में जा रहे हैं।