ज्ञानदीप इंटर कॉलेज में मेधावियों का सम्मान
पिथौरागढ़। ज्ञानदीप इंटर कॉलेज में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाइस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 24वां स्थान प्राप्त करने वाली पिंकी पांडे को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में इंस्पायर अवार्ड मिलने पर खुशबू भंडारी, हाइस्कूल बोर्ड परीक्षा में गणित में 100 अंक लाने पर पिंकी पांडेय, संस्कृत में 97 अंक लाने पर भूपेश श्रीवास्तव को, हिंदी में 91 अंक लाने पर श्वेता भट्ट और अच्छे अंकों के साथ परीक्षा पास करने के लिए ज्योति कापड़ी, पूजा गोस्वामी, अक्षय कुमार, नेहा राना, विद्या पंत को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बेहतर कार्य के लिए शिक्षिका विमला श्रीवास्तव, अनीता कुमारी, शिक्षक राजेंद्र जोशी को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि स्वामी गुरुकुलानंद कच्चाहारी ने कहा कि बच्चे जब संस्कारित होंगे तो अच्छे नंबरों के साथ उत्तीर्ण होंगे। समारोह की अध्यक्षता करते हुए डा. तारा सिंह ने विद्यार्थियों को शाकाहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य गोविंद कांडपाल ने स्कूल की गतिविधियों को सामने रखा। गोपाल दत्त सती ने काव्य पाठ किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल के प्रबंधक एडवोकेट दिनेश चंद्र जोशी ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।