पिथौरागढ़। बेड़ीनाग में पुलिस ने एक दुकान से बड़ी संख्या में फर्जी सिम बरामद किए हैं। संबंधित दुकानदार स्थानीय लोगों के नाम पर फर्जी तरीके से सिम एक्टिवेट कर इन्हें अन्य लोगों को बगैर दस्तावेज के ऊंचे दामों पर बेचता था। एक साथ 748 फर्जी सिम मिलने से पुलिस भी हैरत में है। पुलिस ने फर्जी सिम और दस्तावेज कब्जे में लेकर संबंधित दुकानदार पर केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी बेड़ीनाग उपनिरीक्षक पूजा मेहरा, हेड कांस्टेबल राजकुमार और निरीक्षक अरुण कुमार की संयुक्त टीम ने भारत सरकार के संचार मंत्रालय से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को नया बाजार स्थित आरके इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मोबाइल सेंटर की तलाशी ली। इस दौरान दुकान में एक कंपनी के 748 फर्जी सिम मिले। इसके अलावा दो की-पैड, दो स्मार्ट फोन, 12 आधार कार्ड और एक पैन कार्ड भी मिला।
एसपी रेखा यादव ने कहा कि इतने सारे फर्जी सिम के एक्टिवेट किए जाना बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा कर रहा है, जो साइबर ठगी का कारण बन सकता है। बताया कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2), 3(5) और दूरसंचार अधिनियम की धारा 42 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में भी फर्जी सिम कार्ड बेचने के मामले में धारा 420/120 बी के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। एसपी ने बताया कि दुकानदार स्थानीय लोगों की अज्ञानता का लाभ उठाकर उनके नाम से सिम कार्ड सक्रिय करता था और मुनाफे के लिए अधिक दामों पर किसी को भी बेच देता था।