पिथौरागढ़। सबकुछ ठीक रहा तो नैनीसैनी एयरपोर्ट से जल्द ही 72 सीटर विमान उड़ान भरेंगे। एयरपोर्ट के उच्चीकरण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रस्ताव को राज्य सरकार से हरी झंडी मिल गई है। एयरपोर्ट को थ्री-सी श्रेणी में उच्चीकृत किया गया है। जल्द ही जिला प्रशासन इसके विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा।
चीन और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे सीमांत जिले में नैनीसैनी एयरपोर्ट को अब तक टू-सी श्रेणी हासिल थी। इस श्रेणी के तहत एयरपोर्ट से सिर्फ 42 सीटर विमान ही उड़ान भर सकते हैं। बीते दिनों सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस एयरपोर्ट के उच्चीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने उच्चीकरण के लिए सर्वे कर इसकी रिपोर्ट शासन में भेजी, जिसे अब सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
विमानपत्तन प्राधिकरण की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने तकनीकी सर्वे भी पूरा कर लिया है। जल्द ही इसके विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार कर इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। प्रशासन के मुताबिक, नैनीसैनी एयरपोर्ट के थ्री-सी श्रेणी में उच्चीकृत होने पर यहां से 72 सीटर विमान उड़ान भर सकेंगे। एयरपोर्ट के उच्चीकरण और विस्तारीकरण से सीमांत जिले के साथ ही कुमाऊं मंडल में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा। इससे पर्यटन को गति मिलने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
भूमि का होगा अधिग्रहण, हटेंगे कई भवन
नैनीसैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए भूमि की जरूरत होगी। प्रशासन को इसकी व्यवस्था करनी होगी। वहीं, एयरपोर्ट के आसपास कई भवन बने हुए हैं। विस्तारीकरण की जद में आने वाले भवनों को भी हटाना होगा। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसके सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है।
ग्रामीण कर चुके हैं भूमि देने का विरोध
नैनीसैनी एयरपोर्ट के आसपास स्थानीय लोगों के उपजाऊ खेत हैं। इस क्षेत्र को धान का कटोरा के नाम से भी प्रसिद्धि मिली है। ऐसा इसलिए कि यह क्षेत्र बासमती सहित धान की अन्य प्रजाति के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। इसी जमीन पर पूर्व में नैनीसैनी एयरपोर्ट को धरातल पर उतारा गया है। क्षेत्र के लोग अब अन्य जमीन देने के खिलाफ हैं। ऐसे में एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए स्थानीय लोगों को मनाना भी प्रशासन के लिए चुनौती होगा।
कोट
नैनीसैनी एयरपोर्ट के उच्चीकरण की स्वीकृति मिली है, जो खुशी का विषय है। शासन से मिले निर्देश पर जल्द ही इसके विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। एयरपोर्ट के उच्चीकरण और विस्तार से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन रफ्तार पकड़ेगा। - विनोद गोस्वामी, डीएम, पिथौरागढ़