पिथौरागढ़। घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य सुनहरा बचपन अभियान के तहत देहरादून के लिए रवाना हुए। इस अभियान के तहत सोसाइटी के सदस्य प्रशासन के साथ मिलकर बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम को समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक करेेंगे।
देहरादून के लिए रवाना होने के अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष अजय ओली ने कहा कि पिथौरागढ़ में लोगों को जागरूक करने के बाद अब यह अभियान देहरादून में चलाया जाएगा। अभियान के तहत 120 किमी की पैदल यात्रा भी की जाएगी। राजधानी के दस अलग-अलग हिस्सों में 15 हजार से अधिक युवाओं और लोगों को बालश्रम न कराने और भिक्षावृत्ति को बढ़ावा नहीं देने की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर आबसार बख्स, पूजा भट्ट, कार्तिका, विनीता सुतेड़ी, शुभम, एकता शामिल थे।
इधर बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति को समाप्त करने को लेकर पुलिस की ओर से चलाया जा रहा आप्रेशन प्रहार अभियान जारी है। इसके तहत रविवार को जाजरदेवल पुलिस ने एसओ पीआर आगरी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में पोस्टर लगाकर और लोगों को बच्चों के अधिकारों से अवगत कराते हुए कानून की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि घर या विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले बच्चों के लिए कानून बनाया गया है। 14 वर्ष तक के बालक-बालिका को शिक्षित करना जरूरी है। कानून का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।