पिथौरागढ़। बीएसएनएल की ओर से बिजली का बिल जमा न होने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ऊर्जा निगम ने बीएसएनएल टावर का विद्युत कनेक्शन काट दिया है। लोगाें को अब नेपाल के सिम का सहारा लेना पड़ रहा है।
मंगलवार को पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख खीमराज जोशी के नेतृत्व में टेलीफोन एक्सचेंज पहुंचे दोबांस क्षेत्र के लोगों ने इस मामले को उठाया। इनका कहना था कि चौपाता में लगे बीएसएनएल के टॉवर से सीमांत से लगे दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को संचार सुविधा का लाभ मिलता है। पिछले एक माह से टॉवर शोपीस बना हुआ है। सिग्नल नहीं आने के कारण क्षेत्र की जनता को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूर होकर नेपाली सिम का प्रयोग करना पड़ रहा है। इंटरनेशनल काल के कारण दस गुना अधिक रुपया खर्च हो रहा है। लोगोें ने समस्या का समाधान न होने पर तालाबंदी की धमकी दी।
बीएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि ऊर्जा निगम ने टॉवर की बिजली सप्लाई बंद की है। ग्राम प्रधान गणेश जोशी का कहना था कि निगम को समय से बिजली का बिल जमा करना चाहिए। बाद में ग्रामीणों ने एसडीओ एनएस रावत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में लीलाधर जोशी, कोमलानंद जोशी, खष्टीबल्लभ पांडेय, दिवान राज, जम्मू जीना, प्रकाश जीना, केदार सहित दोबांस, कुनकटिया, बारमौ, बथोली, पीपली, डोरा, धौलकांडा, रणुवा, अमतड़ी, ख्योरो, चौपाता, रीठाखानी, बॉस आदि गांवों के लोग शामिल थे।