मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र की चोटियों पर हिमपात होने से निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है।
इस बार क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हो गई है। निचले इलाकों में जनवरी के पहले दिन से शुरू हुई बर्फबारी 17 मार्च तक रुक-रुक कर होते रही। इसके चलते कई-कई दिनों तक थल-मुनस्यारी सड़क बेटुलीधार, कालामुनि और पातलथौड़ के पास बंद रही। नगर में वर्ष 2004 में करीब चार फुट तक बर्फबारी हुई थी।
उसके बाद इस सीजन में ही लोगों को बर्फबारी का आकर्षक नजारा देखने को मिला। मंगलवार को सुबह के समय मौसम खुला था। बाद में दोपहर में अचानक से बादल छा गए। पौने दो बजे के करीब हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, नाग्निधुरा की चोटियों पर हिमपात हुआ। इसके बावजूद लोगों को ठंड से निजात नहीं मिल पा रही है। इधर जिला मुख्यालय में मौसम सुहावना बना रहा।