पिथौरागढ़। मूनाकोट विकास खंड के डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों को जल्द ही बिजली संकट से निजात मिल जाएगी। ऊर्जा निगम की ओर से मड़मानले के राजस्व गांव दांगड़ में 33 केवी सब स्टेशन का कार्य शुरू कर दिया है। अगले नौ माह में सब स्टेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
नेपाल सीमा से लगे सीमांत गांवों क्षेत्र में बिजली कटौती, लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। वर्ष 2013 से ही क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन की मांग उठ रही थी। अब ऊर्जा निगम के विद्युत द्वितीय कार्य खंड हल्द्वानी ने जगह का सर्वे कर कार्य शुरू कर दिया है। दांगड़ गांव के नौ नाली भूमि में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से सब स्टेशन बनाया जा रहा है।
विद्युत द्वितीय कार्य खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता डीएन भट्ट ने बताया कि वर्तमान में मड़मानले क्षेत्र के गांवों में कनालीछीना से बिजली आपूर्ति हो रही है। तार टूटने, लो वोल्टेज से लोग परेशान थे। अब सब स्टेशन बन जाने से करीब दो हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
सब स्टेशन में ऑयल ब्रेकर सर्किट की जगह वैक्यूम ब्रेकर लगाए जाएंगे। पहले चरण में कंट्रोल रूम, बिजली घर के लिए भूमि समतल की जा रही है। 10 अक्तूूबर तक सब स्टेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सब स्टेशन का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना धामी ने बताया कि सीमांत गांवों के लोग लंबे समय से बिजली बाधित होने, लो वोल्टेज से परेशान थे। अब उन्हें इससे निजात मिल जाएगी।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
पिथौरागढ़। क्षेत्र में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन बनने से मड़मानले, गलात, अखूली, कुनकटिया, दोबांस, भौतड़ी, बारमों, बथौली, सौरलेख, गाड़गांव, चिराली, नैनीपातल, पनखोली, लीमाटौड़ा, अमकोट, ड्योड़ा आदि गांवों को फायदा होगा।