पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। पौष माह के पहले रविवार से बैठकी होली की धूम मच गई है। गंगोलीहाट के हाट कालिका के दरबार में रातभर होली गायन किया गया। जिला मुख्यालय के साथ ही विभिन्न स्थानों पर भी बैठकी होली का आयोजन किया गया।
हाट कालिका के दरबार में अन्ना संगीत प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं ने देर रात तक बैठकी होली में राग-रागनियों की फुहार बरसाई। बैठकी होली का शुभारंभ भूमिका शाह ने गणेश वंदना से की। हिमाद्री पंत, गौरी और निधि पाठक ने मां काली की सुंदर स्तुति की। धैर्य कुमार ने राग दुर्गा में श्याम सुंदर छवि आज निरखि सखी की प्रस्तुति दी।
हिमांशु रखौलिया ने राग भूपाली में राग बचाओ कृष्ण मुरारी की तान छेड़ी। भार्गव खाती ने राग विहाग में क्यों तुम रूठ रहे मनमोहन, खुशी शाह ने राग हमीर में नमन करूं मैं श्री गुरु चरणा की प्रस्तुति दी। विनय उप्रेती ने राग यमन में प्रथम सुमिरन करो गणनायक की प्रस्तुति दी।
प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक श्यामाचरण उप्रेती बासू ने राग काफी में जय जय जय मां काली, कर खप्पर वाली की प्रस्तुति से मां की आराधना की। अजय रावन ने भजन प्रस्तुत किए। तबले में शशांक अवस्थी, धैर्य कुमार, पीयूष शाह, वैभव शाह, हिमांशु रखौलिया, लक्षिता शाह, आदित्य पल्याल ने संगत दी।