पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य गठन से लेकर आम आदमी के लिए जल, जल, जमीन जैसे मुद्दों पर संघर्ष करने वाले उत्तराखंड क्रांति दल ने निकाय चुनाव से दूरी बनाकर रखी, जबकि इस चुनाव में जो तस्वीर उभरकर आई है, इससे साफ है कि विकल्प ढूंढ रही जनता को उत्तराखंड क्रांति दल को अच्छा समर्थन मिल सकता था।
पिथौरागढ़ जिले में पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला पालिका, गंगोलीहाट और बेड़ीनाग नगर पंचायत हैं। इसके बावजूद उत्तराखंड क्रांति दल ने किसी भी निकाय में अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं किया, जबकि दो निकायों के चुनाव में सामने आए परिणाम बताते हैं कि मतदाताओं ने राष्ट्रीय दलों को जिस तरह से नकारकर निर्दलियों को आगे बढ़ाया है, इसमें उत्तराखंड क्रांति दल भी एक मजबूत विकल्प बनकर उभर सकता था।
इसके बावजूद उक्रांद ने निकाय चुनाव में अध्यक्ष या सदस्य पद पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे। उक्रांद के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा का कहना है कि निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशी का चयन नहीं हो पाया था। इसके अलावा पहले से कोई तैयारी नहीं होने से दल ने अपने प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारे। ब्यूरो