पिथौरागढ़। जिला जज राजेंद्र जोशी की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न न्यायालयों में लोक अदालतों का आयोजन कर 149 मामलों का निस्तारण किया गया।
जिला जज राजेंद्र जोशी ने दो मोटर दुर्घटना प्रतिकर के वादों का निस्तारण कर पांच लाख पैंतीस हजार, छह सौ रुपये का प्रतिकर अवार्ड किया। एक एनआई एक्ट और एक फौजदारी के मामले का निस्तारण कर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। उन्होंने तीन दीवानी वादों का भी निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधीर तोमर ने 8 फौजदारी मामलों का निस्तारण कर 13500 रुपये जुर्माना वसूला।
सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट अकरम अली ने 18 फौजदारी वादों का निस्तारण कर 8700 रुपये जुर्माना वसूला। न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ नेहा कय्यूम ने 100 फौजदारी वादों का निस्तारण 17800 रुपये जुर्माना वसूला। न्यायिक मजिस्ट्रेट डीडीहाट रवि रंजन ने 14 फौजदारी वादों का निस्तारण 37400 रुपये जुर्माना वसूला। उन्होंने अंतिम आख्या संबंधी दो मामलों का भी निस्तारण किया। लोक अदालतों के आयोजन में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय के कर्मचारियों ने सहयोग दिया।