पिथौरागढ़। नगर में कूड़ा निस्तारण की समस्या बदतर होती जा रही है। कूड़े के कारण नगर के कृष्णापुरी क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। रास्ते के पास तक कूड़ा डंप कर दिया गया है। क्षेत्र के लोगों ने कूड़ा न हटने पर पालिका कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
नगर के टनकपुर रोड से लगे कृष्णापुरी मोहल्ले के रास्ते के पास गंदगी का अंबार लगा है। पैदल रास्ते के ऊपर लगे कूड़े के ढेर के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इलाके में सड़ांध फैल रही है। लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर आवाजाही करने पर मजबूर हैं।
मोहल्ले के रवि बिष्ट, नीरज भंडारी, रोहित बिष्ट, विपिन सिंह, संजय सिंह, आनंद महर, हेमा देवी, कमला देवी ने कहा कि गंदगी के कारण इलाके में बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है।
कृष्णापुरी मामले में जानकारी हासिल की जाएगी। मोहल्ले के लोग लिखित शिकायत देते हैं तो उस क्षेत्र की मोहल्ला स्वच्छता समिति के सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -दीपक कुमार, ईओ नगरपालिका पिथौरागढ़