कनालीछीना (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़ में कनालीछीना जाने वाली टैक्सियों के लिए बना टैक्सी स्टैंड हटाने के विरोध में बुधवार को संचालकों ने टैक्सियों का संचालन ठप रखा। करीब 30 टैक्सियां सड़कों पर नहीं चली। इससे यात्री परेशान रहे।
टैक्सी संचालकों का कहना है कि मंगलवार को पुलिस ने पिथौरागढ़ में बना टैक्सी स्टैंड हटा दिया। इस कारण पिथौरागढ़ में टैक्सियों को खड़ा करने में दिक्कत आ गई है। कहा कि टैक्सियों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा तो वह लोग टैक्सियों को कहां खड़ा करेंगे, इसकी व्यवस्था पुलिस-प्रशासन को करनी चाहिए।
टैक्सी संचालक मनोज सिरोला, केदार सामंत, चंद्र प्रकाश, मनोज भंडारी, राजू दिगारी, गिरीश कोहली ने कहा कि जिला मुख्यालय में टैक्सियों के लिए स्टैंड नियत नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। बुधवार दोपहर टैक्सी संचालकों की एसपी रामचंद्र राजगुरु से इस संबंध में बात हुई। टैक्सी संचालकों के अनुसार एसपी ने टैक्सी स्टैंड को बहाल करने की बात कही है।