पिथौरागढ़। कैलाश यात्रा में इस बार मौसम बाधक बन रहा है। इसके चलते यात्रियों का यात्रा शेड्यूल भी गड़बड़ा रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बारिश और घने कोहरे के चलते तीसरे दल के यात्री पिछले चार दिन से गुंजी में ही फंसे हैं। यात्रा का सातवां दल अभी पिथौरागढ़ में ही रुका हुआ है।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्र छियालेख, गर्ब्यांग में घना कोहरा छाने से वायुसेना के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके। इसके चलते तीसरे दल के यात्री वापसी में गुंजी और सातवें दल के पिथौरागढ़ में रुके रहे। सातवें दल के यात्रियों का बुधवार को गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण होना था।
चौथे दल के 56 यात्री कैलाश की परिक्रमा पूरी कर मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे तकलाकोट से लिपुलेख में प्रवेश कर गए। चीनी सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को आईटीबीपी महिला कमांडो दस्ता, मेडिकल और संचार टीम के सुपुर्द किया। पांचवें दल के यात्री तकलाकोट से दार्चिन पहुंच गए हैं। छठे दल के यात्री तकलाकोट पहुंचे हैं।
यात्रियों ने लटेश्वर महादेव के दर्शन किए
पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम खराब होने से पर्यटक आवास गृह में रुके सातवें दल के यात्रियों ने मंगलवार को बड़ाबे स्थित लटेश्वर महादेव के दर्शन किए। यात्राधिकारी दिनेश गुरुरानी ने बताया कि इससे पहले यात्रियों को मोस्टामानू, चंडाक, चंडिका मंदिर के दर्शन कराए गए। यात्रियों ने लटेश्वर महादेव में रुद्राक्ष और परिजात के पौधों का रोपण किया।