मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। आईटीबीपी के हथियार मिलम से आते वक्त खाई में गिरने के मामले में राजस्व पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट में बल के निरीक्षक ने कहा है कि 16 मई को हवलदार अलेल सिंह स्पोर्ट एमबॉय 14वीं वाहिनी आईटीबीपी पिथौरागढ़ 12 अन्य जवानों और चार पोर्टरों के साथ मिलम चौकी से पिथौरागढ़ आ रहे थे। 17 मई को दोनों पार्टियां एक साथ बोगड्यार पोस्ट से चले। नेपाल के बाजुरा जिले के बुरावाड़ा गांव निवासी पोर्टर विक्रम गुहा पुत्र शेर बहादुर का मैन सिंह टॉप के नजदीक पैर फिसल गया। इससे वह पीठ पर लदे सामान के साथ खाई में जा गिरा। काफी ढूंढ़खोज करने पर भी सामान का कहीं पता नहीं चला।
इसमें छह नग इंसास राइफल, पांच नग इंसास एलएमजी साइट, तीन नग पांच एमएम मोर्टार साइट थे। काफी खोजबीन के बाद भी सामान नहीं मिलने पर आईटीबीपी इंस्पेक्टर जीडी जगदीश चंद्र ने राजस्व विभाग में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र सामंत को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 14 नगों में से 11 नग मिल चुके हैं, तीन नग अभी नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने बताया कि खोजबीन जारी है। एहतियातन पुलिस को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है।