झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सौन पट्टी के वड्डा से लेलू होते हुए कुम्डार को जोड़ने वाली सड़क पर 15 साल बाद भी डामर नहीं हुआ है। इससे लोग धूल और गड्ढों से परेशान हो गए हैं। वाहन संचालन जोखिमपूर्ण बना हुआ है।
दो हजार की आबादी को सड़क सुविधा देने के लिए वर्ष 2003 में वड्डा से लेलू के लिए दो किमी सड़क की कटिंग की गई। पांच वर्ष पहले इस सड़क को आगे बढ़ाते हुए डेढ़ किमी आगे कुम्डार तक काटा गया। आगे जाकर यह सड़क पिथौरागढ़ नगर को जोड़ती है।
इस कच्ची सड़क पर प्रतिदिन 500 छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। यह सड़क वड्डा के आयुर्वेदिक अस्पताल, प्राइमरी स्कूल, शिशु विद्यापीठ और लेलू केे फील्ड को जोड़ती है। लेलू निवासी पूर्व प्रधानाचार्य एचएस इगराल ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर सड़क पर शीघ्र डामर करने की मांग की है।
वड्डा से लेलू के लिए बनी सड़क के एक किमी हिस्से पर हॉटमिक्स के टेंडर हो चुके है। गाजियाबाद की एनकेजी कंपनी इसी माह सड़क पर स्क्रबर और दीवार बनाने का काम शुरू कर देगी। -नवीन जोशी, अधिशासी अभियंता, लोनिवि पिथौरागढ़।