डीडीहाट (पिथौरागढ़)। केंद्र सरकार की इंटिग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) के तहत डीडीहाट नगरपालिका क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था सुधरेगी। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नई लाइन बिछेगी। छह नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। यह काम जल्दी शुरू हो जाएगा।
ऊर्जा निगम के एसई तरुण कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पिथौरागढ़, चंपावत जिलों के दो-दो नगर पालिका क्षेत्रों में इस योजना में शामिल किया गया है। डीडीहाट नगर पालिका क्षेत्र में 2. 64 करोड़ रुपये की लागत से आठ किमी पुरानी विद्युत लाइनों को बदलकर नई केबल युक्त लाइनें बिछाई जाएंगी। वहीं दो किमी नई लाइनों को बिछाने का काम किया जाएगा। वहीं 63 केवी और 100 केवी क्षमता के तीन-तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। वहीं एसई ने बताया कि विद्युत की राजस्व वसूली के लिए धारचूला डिवीजन को पूरे साल में 12 करोड़ का लक्ष्य दिया था। इसमें दस माह में सात करोड़ की वसूली कर दी गई है। शेष पांच करोड़ की वसूली 31 मार्च तक करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। विद्युत बिलों का बकाया न देने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने और राजस्व वसूली के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना से बीपीएल परिवारों को मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे।